लारजी (कुल्लू)। जिले की सैंज घाटी की ग्राम पंचायत तलाड़ा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए एनएचपीसी ने दो करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस राशि से पिन पार्वती नदी के किनारे, एनएचपीसी कॉलोनी के सामने स्थित सारी गांव सहित तलाड़ा पंचायत के अन्य गांवों को सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
प्राकृतिक आपदाओं के कारण जिन गांवों में भूमि कटाव का खतरा बना हुआ है, वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा, ताकि प्रभावित क्षेत्रों के अस्तित्व को सुरक्षित रखा जा सके। बरसात के मौसम में भूस्खलन और नदी के कटाव के चलते लोगों की जमीन और घरों पर लगातार खतरा मंडराता रहता है। इस समस्या को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष मांग रखी, लेकिन समाधान नहीं हो पाया। अब एनएचपीसी ने पहल करते हुए दो करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की है।
ग्राम पंचायत तलाड़ा के पूर्व प्रधान मोहर सिंह, पूर्व उपप्रधान सुभाष ठाकुर, पूर्व वार्ड सदस्य ओमचंद, मुर्तू देवी और समिति सदस्य कमलेश शर्मा ने बताया कि इस परियोजना से पंचायत के पांच से छह गांवों को सुरक्षा मिलेगी।
इस संबंध में एनएचपीसी के महाप्रबंधक सुधीर कुमार नेगी ने बताया कि पिन पार्वती नदी के तटीकरण के लिए योजना तैयार की गई है। इसी योजना के तहत सपांगणी क्षेत्र में सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। संवाद