इंट्राम्यूरल वॉलीबाल प्रतियोगिता में खेले गए रोचक मुकाबले
सेमीफाइनल के दोनों मुकाबलों में 3-0 से टीमों ने की जीत दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में महिला वर्ग की इंट्राम्यूरल वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें कुल चार टीमों ने भाग लिया। पहला मैच टीम लक्ष्मी और केआईसी कुल्लू के बीच खेला गया, जिसमें टीम लक्ष्मी ने 2-1 के बंतर से जीत हासिल की। दूसरा मैच भवानी और मनाली वॉरियर्स के बीच खेला गया, जिसमें भवानी ने 2-1 से जीत दर्ज की। वहीं, पहला सेमीफाइनल भवानी और केआईसी कुल्लू के बीच खेला गया। इसमें केआईसी कुल्लू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला 3-0 से जीत लिया और फाइनल में अपनी जगह बनाई। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल लक्ष्मी और मनाली वॉरियर्स के बीच खेला गया, जिसमें लक्ष्मी ने मैच 3-0 से जीता।
इंट्राम्यूरल वॉलीबाल प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि पहले दो मैच विजेता टीमों ने 2-1 और सेमी फाइनल दोनों 3-0 से अपने नाम किए। उधर, फाइनल मुकाबला केआईसी कुल्लू और लक्ष्मी के बीच खेला गया। यह मुकाबला बेहद रोचक रहा। टीम लक्ष्मी ने केआईसी कुल्लू को 2-1 से मात दी और ट्राफी अपने नाम की, लेकिन टीम केआईसी ने अपने खेल प्रदर्शन से सभी दर्शकों का दिल जीता। हालांकि, इस प्रतियोगिता में वॉलीबाल खेल के प्रशिक्षक बालमुकुंद ने विशेष सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि इस बार अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता के लिए महाविद्यालय कुल्लू की टीम तैयार है। कहा कि मैदान गीला होने के कारण फुटबाल के मुकाबले नहीं हो पाए। फुटबाल प्रतियोगिता के लिए नया शेड्यूल जारी किया जाएगा।