पतलीकूहल (कुल्लू)। हमीरपुर में आयोजित होने वाली आगामी राज्य स्तरीय जूनियर बास्केटबाल प्रतियोगिता के लिए लाहौल-स्पीति की टीम का चयन कटराईं में रविवार को किया गया। जिला बास्केटबाल संघ द्वारा आयोजित इस चयन प्रक्रिया में जिलेभर से 23 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपना कौशल दिखाया।
चयन प्रक्रिया को सिलेक्शन कमेटी के प्रमुख शिरीष बौद्ध की निगरानी में पूरा किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर संघ के मुख्य सलाहकार रंजीव कारवा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संघ के अध्यक्ष अंकुर राणा और महासचिव मदन बौद्ध ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों की क्षमताओं को और निखारने के लिए जल्द ही एक विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा।
इस शिविर में कोच खिलाड़ियों की तकनीक और आपसी तालमेल पर काम करेंगे। प्रशिक्षण के पश्चात, यह टीम 3 से 5 अप्रैल के बीच हमीरपुर में होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा में लाहौल-स्पीति का प्रतिनिधित्व कमेगी। संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि यह टीम राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करेगी।