जनजातीय जिले के 92 प्रतिशत छात्रों ने करवाया पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। शिक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा के लिए छात्र पंजीकरण में लाहौल-स्पीति जिला प्रदेश भर में प्रथम स्थान पर रहा है।
नई उपलब्धि दर्ज कर जिले से 92 प्रतिशत छात्रों का पंजीकरण हुआ है। यह हिमाचल में सबसे अधिक है। उपनिदेशक शिक्षा विभाग केलांग रमेश योतरपा ने इस सफलता पर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बधाई दी है। बताया कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 है। इसके बावजूद समय से पहले ही इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का पंजीकरण होना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्कूलों के सभी प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों और अध्यापक वर्ग के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। विशेष बात यह रही कि स्कूलों में शीतकालीन अवकाश होने के बावजूद शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए छात्रों को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया। उपनिदेशक ने कहा कि दुर्गम जनजातीय क्षेत्र होने के बावजूद लाहौल-स्पीति के विद्यार्थियों में शिक्षा और नवाचार के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है। परीक्षा पे चर्चा जैसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में जिले की यह भागीदारी अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने जिले की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के साथ-साथ अभिभावकों और विद्यार्थियों को बधाई दी है।