मनाली (कुल्लू)। बर्फबारी के कारण अटल टनल सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हो गई है। इससे मनाली का संपर्क लाहौल से कट गया है। विगत रविवार शाम से बर्फबारी हो रही है। सोमवार को मनाली शहर में भी बर्फ के फाहे गिरे।
सोलंगनाला में लगभग 30 सेंटीमीटर, धुंधी में 45 सेंटीमीटर, फातरु में 60 सेंटीमीटर, कोठी में 30 सेंटीमीटर और गुलाबा में 45 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने की सूचना है। मनाली से सटे ढूंगरी, ओल्ड मनाली, आदि गांवों में तीन सेंमी तक बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए फिर बंद हो गया है।
वाहनों को सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति नहीं है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर सोलंगनाला में बैरियर लगाया गया, जहां पर सभी वाहनों को रोका गया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सोलंगनाला में भारी बर्फबारी हो रही है।
दोपहर तक वाहनों को सोलंगनाला तक भेजा गया, लेकिन अधिक बर्फबारी होने के बाद दोपहर बाद वाहनों को नेहरू कुंड से आगे नहीं भेजा गया। कहा कि खराब मौसम में सैलानी और आमजन बर्फ वाले इलाकों से दूर रहें। संवाद