कुल्लू। जिला परिषद कुल्लू की वीरवार को त्रैमासिक बैठक हुई। इसमें सड़क, परिवहन, पानी आदि मु्द्दों पर माहौल गर्माया। जिला परिषद के सदस्यों ने अधिकारियों से जनता के मुद्दों पर जवाब मांगा।
बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने की। जिला परिषद् उपाध्यक्ष वीर सिंह ने फोरलेन कुल्लू-मनाली के संबंध में सवाल किया। इस पर एनएचएआई के अधिकारियों ने जवाब दिया। जिला परिषद सदस्य गुलाब सिंह ने कहा कि शिल्हीराजगिरी पंचायत के शिल्हीराजगिरी गांव में पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। पानी कम होने से लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने पाहनाला से बंसू सड़क को ठीक न करने के लिए लोक निर्माण विभाग से सवाल किया।
जिला परिषद सदस्य रेखा गुलेरिया ने कहा कि पंचायतों को लाडा से मिलने वाला पैसा नहीं मिल रहा है। इससे काम करवाने में मुश्किलें आ रही हैं। लाडा के पैसे को जल्द जारी किया जाए। उन्होंने भुंतर-मणिकर्ण सड़क की खस्ताहाल सहित अन्य मुद्दे उठाए। जिला परिषद सदस्य आशा ठाकुर ने जायका परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत बशौना में क्रियान्वित योजनाओं का ब्यौरा मांगा। जिला परिषद सदस्य ने एचआरटीसी की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उन्होंने बंजार में मुद्रिका बस चलाने की पुरजोर मांग रखी। जिला परिषद सदस्य दीपिका की ओर से पूछे गए प्रश्न में कुछ मुद्दे जोड़ते हुए सदस्यों पूर्ण चंद, अरुणा ठाकुर, उपाध्यक्ष वीरसिंह तथा अन्य सदस्यों ने एनएचएआई के अधिकारियों से 60 किलोमीटर से कम की दूरी में दो टोल प्लाजा स्थापित करने के नियम पर जानकारी मांगी।
इस पर अधिकारियों ने अवगत करवाया कि अभी तक कोई आदेश नहीं मिला है। इस दौरान सदस्य जीवन ठाकुर, रेखा गुलेरिया, रुकमणि देवी की ओर से उठाए गए मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान अतिरिक्त दंडाधिकारी प्रशांत सरकैक विशेष रूप से उपस्थित रहे। संवाद