शीलागढ़ में एनएचपीसी के सीसीआईएल कामगारों को समय पर मजदूरी नहीं मिल पा रही है। कामगारों के अनुसार उन्होंने इस संबंध में कई बार परियोजना प्रबंधन से भी शिकायत की, लेकिन उनकी मांगों की अनदेखी ही की जा रही है। अब सीसीआईएल पार्वती चरण-2 के कामगारों ने लेबर कोर्ट में अपने हक दिलाने की अर्जी पेश की है। वहीं श्रम अधिकारी कुल्लू, लेबर इंफोर्समेंट अधिकारी चंडीगढ़ और शिमला को कार्रवाई करने के लिए प्रदेश निर्माण कामगार संघ मनिहार ने शिकायत पत्र भेजा है।
प्रदेश निर्माण कामगार संघ मनिहार के सचिव सोभे राम ने बताया कि 24 जून 2015 को मांगे कंपनी को अवगत करवाई। इसके बाद 10 जुलाई 2015 को शिमला में श्रम अधिकारी की अध्यक्षता में वार्ता हुई थी। इसके बाद भी मांगों को लागू नहीं किया गया। उसके उपरांत हाल ही में 20 मई को दोबारा कंपनी को मांगे फिर अवगत करवाई गई। लेकिन कोई भी उचित जवाब नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि 23 जून को आक्रोश में आकर अपने हक की लड़ाई के लेबर कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा है। हक की लड़ाई पर कार्रवाई करने के लिए लेबर इंफोर्समेंट अधिकारी चंडीगढ़, शिमला के अलावा उपायुक्त कुल्लू, श्रम अधिकारी कुल्लू, पुलिस थाना भुंतर, महाप्रबंधक एनएचपीसी, महाप्रबंधक सीसीआईएल और भारतीय मजदूर संघ कुल्लू के अध्यक्ष तथा महामंत्री को शिकायत पत्र सौंपा गया है। कामगारों खुशी राम, मोहर सिंह, विजय, अमर चंद, किशन चंद, प्रकाश चंद, होतम चंद, जीत राम, दुनी चंद, पना लाल, ठाकर दास, टेक राम, गोविंद और राम बहादुर ने कहा कि यदि इसके बावजूद भी कार्रवाई नहीं हुई तो कंपनी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने से कोई गुरेज नहीं किया जाएगा।