कुल्लू के प्लम की एडवांस बिक्री, पकने से पहले ही बागवानों को मिल रहे अच्छे दाम
उतर प्रदेश के व्यापारियों ने घाटी में डाला डेरा, करीब 50% फसल का पहले ही हो चुका सौदा
अमित चंद भंडारी
खराहल (कुल्लू)। कुल्लू घाटी में इस बार प्लम सीजन शुरू होने से पहले ही बाजार गरमा गया है। बाहरी राज्यों, खासकर उत्तर प्रदेश के व्यापारियों ने समय से पहले ही बगीचों में पहुंचकर फसल के सौदे करने शुरू कर दिए हैं। स्थिति यह है कि जिले में करीब 50 प्रतिशत प्लम फसल की खरीद-फरोख्त पकने से पहले ही हो चुकी है।
घाटी के रायसन, डोभी, माहिली, थरमाण, सेउबाग, काईस और कराडसू सहित निचले क्षेत्रों में कई बगीचों के सौदे तय हो गए हैं। व्यापारी सीधे बागवानों के घर पहुंचकर फसल खरीद रहे हैं, जिससे किसानों को बिना किसी अतिरिक्त मेहनत के अच्छे दाम मिल रहे हैं।
स्थानीय बागवानों अमित, कर्मचंद, दीपक, सुरेश और गुरदयाल का कहना है कि बाहरी व्यापारियों की सक्रियता से इस बार उन्हें बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है। अभी प्लम को पकने में लगभग एक माह का समय बाकी है, लेकिन खरीद प्रक्रिया पहले ही तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, जिले में लगभग 2200 हेक्टेयर भूमि पर प्लम की खेती की जाती है और इस साल फसल औसत रूप से अच्छी बताई जा रही है।
बागवानी विभाग के उप निदेशक राजकुमार ने बताया कि प्लम विटामिन-सी से भरपूर होता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सीजन में बागवानों को अपनी फसल के अच्छे दाम मिलेंगे।