230 सड़कें हो गई सुनसान, 999 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप
रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची चोटियों में फाहे गिरने का दौर जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में छह दिनों से मूसलाधार बारिश जारी है। इससे पूरी घाटी का जनजीवन ठहर गया है। सब्जी मंडियों में सन्नाटा है। सेब का तुड़ान रुका है। जिले में 230 सड़कों पर यातायात थम गया है। जिले में आनी से मनाली तक करीब 999 बिजली के ट्रांसफार्मर बंद हैं।
बुधवार रात से वीरवार शाम तक जमकर बरसात हुई। लोग भी घरों में दुबकने को मजबूर है। डरे-सहमे लोग घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। बाजारों से लेकर गांवों में सन्नाटा है। जिले की सड़काें पर भूस्खलन और पत्थरों का गिरना जारी है। कुल्लू-मनाली वामतट मार्ग के साथ कुल्लू से भुंतर-औट, लारजी से बंजार, लारजी से सैंज, बंजार से गुशैणी, जिया से रामशिला, रामशिला से बिजली महादेव, भुंतर से मणिकर्ण आदि मुख्य सड़कों पर खतरा है। इन सड़कों पर सबसे अधिक वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़कों के साथ जिले में 999 ट्रांसफार्मर बंद होने से 1,000 से अधिक गांवों में अंधेरा है। वीरवार को भारी बारिश के बीच बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने लगभग 100 ट्रांसफार्मरों को बहाल कर दिया है। चार दिन से रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची चोटियों में फाहे गिरने का दौर जारी है। इससे कुल्लू से लेकर लाहौल तक ठंड पड़नी शुरू हो गई है।