कुल्लू। जिला कुल्लू में 16 अप्रैल की रात करीब 11:00 बजे हुई तेज बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ। 15 मिनट तक चले इस अंधड़ और मूसलधार बारिश से जिलेभर में संपत्ति को 3.66 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
अधिकारियों के मुताबिक, तेज बारिश और अंधड़ से सबसे ज्यादा रिहायशी मकानों को नुकसान हुआ है। कुल्लू जिले के भुंतर, बंजार, सैंज, आनी और निरमंड क्षेत्रों में कई मकान प्रभावित हुए हैं। भुंतर में 4.45 लाख रुपये, बंजार में 1.09 करोड़ रुपये, सैंज में 69 लाख रुपये, आनी में 26 लाख रुपये और निरमंड में 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
बंजार क्षेत्र में अंधड़ और बारिश के कारण दो घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 119 रिहायशी घरों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ। सबसे अधिक नुकसान बंजार घाटी में हुआ, जहां 52 मकान प्रभावित हुए। इसके बाद भुंतर में 21, सैंज में 23, आनी में 15 और निरमंड में 8 मकान प्रभावित हुए। बंजार के सैंज में एक देवता थान के मंदिर को 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
इसके अलावा जिले में 59 गोशालाओं को भी क्षति हुई है। सैंज में 27 गोशालाएं, बंजार में 21, भुंतर में 2, आनी में 8 और निरमंड में 1 गोशाला को नुकसान पहुंचा है। इन गोशालाओं को कुल 54.30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिलेभर में 35 बीघा क्षेत्र में बागवानी को भी ओले और अंधड़ से 35 लाख रुपये का प्रारंभिक नुकसान आंका गया है। संवाद