धमाका सुनकर घरों से बाहर निकले कई लोग
फाइटर जेट से हुआ धमाका, न फैलाएं अफवाह : एएसपी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में बुधवार दोपहर बाद करीब 2:00 बजे के आसपास एक जोरदार धमाका हुआ है। इसकी आवाज जिला मुख्यालय के साथ भुंतर, मौहल, खराहल सहित पूरे इलाके में सुनी गई। इससे लोगों में दहशत फैल गई। धमाका इतने जोर का था कि लोगों के घर तक हिल गए। भुंतर में कुछेक घरों के शीशे टूटने की भी सूचना है। धमाके की आवाज सुनकर कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। दहशत के बीच लोगों को इस धमाके का कोई पता नहीं लग पाया। घाटी के लोग इधर-उधर फोन कर इसके बारे में एक-दूसरे से जानकारी ले रहे हैं। वहीं सुरक्षा एजेंसियां भी इसका पता लगाने में जुट गई हैं। लाल चंद, पूर्ण सिंह, संजय कुमार तथा प्रेम ने कहा कि एकाएक आई धमाके के आवाज से वे सहम उठे। कहा कि लोग घरों से बाहर निकलने के लिए मजबूर हो गए।
चर्चा है कि जब एक सुपरसोनिक फाइटर जहाज तेज गति से उड़ता है तो उसकी अधिकतम गति से हवा में विस्फोट होता है। एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि एयरफोर्स की रिहर्सल चल रही है। इससे फाइटर जेट के उड़ने से यह धमाका हुआ है। उन्होंने लोगों से किसी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है।