कलाकेंद्र में अपर वैली छात्र संगठन ने मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी अपनी घाटी के अनुसार वार्षिक समारोह का आयोजन कर रहे हैं। शनिवार को अपर वैली छात्र संगठन ने अपना वार्षिक समारोह मनाया।
जिला मुख्यालय कुल्लू स्थित लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खूब धमाल मनाया। समारोह दोपहर 02:00 शुरू हुआ और शाम 07:00 बजे तक जारी रहा।
विद्यार्थियों ने एकल गीत, समूह गीत, एकल नृत्य, समूह नृत्य के अलावा नाटी और फैशन शो की प्रस्तुतियों से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कुल्लू-री पोटू आलिए...ईनामा वे शिमला जाना..., तुम्हें दिलगी भूल जानी पड़ेगी..., बोतला फूटी...., झूरी-रा केरणा की-पीपली खाई लागी शी..शी, हेरा ऊझी रा खापरा आदि गीतों पर दर्शक दीर्घा में बैठे दर्शकों और विद्यार्थियों का मनोरंजन किया और खूब झूमाया। इस दौरान छात्र संगठन के अध्यक्ष रोहित, उपाध्यक्ष साहिल, भूपेंद्र, चेयरमैन काजल, महासचिव निखिल, कोषाध्यक्ष जय ठाकुर, सह कोषाध्यक्ष हंसराज व पूर्णदेव, कार्यक्रम प्रबंधक श्वेता, सहसचिव विवेक आदि उपस्थित रहे।