एमआरएम साइट में लगे कूड़े के ढेर में से काफी मात्रा में कचरा कर दिया था प्रवाहित
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भेजा था नोटिस, सोशल मीडिया में भी वायरल हुआ था वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू ने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से लगाए गए जुर्माने की राशि अदा कर दी है। बोर्ड ने कुल्लू नगर परिषद पर कचरा प्रबंधन में कोताही बरतने के आरोप में 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।
इसे अब नगर परिषद ने अदा कर दिया है हालांकि काफी समय तक नगर परिषद इसकी अदायगी करने से बचती रही लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सख्ती के बाद अब यह राशि जमा कर दी है। गौरतलब है कि 28 फरवरी की रात को भारी बारिश के चलते सरवरी खड्ड का जलस्तर बढ़ा हुआ था। इस दौरान एमआरएम साइट में लगे कचरे के ढेर में से काफी मात्रा में कूड़े को जेसीबी लगाकर खड्ड में प्रवाहित कर दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ था। मामला राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तक पहुंंच गया था। बोर्ड की कुल्लू स्थित टीम ने इसकी जांच कर एक विस्तृत रिपोर्ट राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सौंपी थी। इस पर हालांकि पहले नगर परिषद को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसमें नगर परिषद की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नप ने इस प्रकरण में अपने आप को बचाने का भरसक प्रयास किया।
उसके बाद राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कचरा प्रबंधन में कोताही बरतने पर 24 लाख रुपये जुर्माना लगाया और इस राशि को जमा करने के आदेश जारी किए। ऐसे में अब नगर परिषद ने जुर्माने की इस राशि को अदा कर दिया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से लगाए गए जुर्माने के बाद अब कुछ समय से एमआरएफ सरवरी की स्थिति में हालांकि सुधार देखने को मिल रहा है।
उधर, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कुल्लू स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक सुनील शर्मा ने बताया कि नगर परिषद ने बोर्ड की ओर से लगाए गए जुर्माने की राशि अदा कर दी है।