बसों के पहिये भी थमे रहे, चार दिन बाद कुल्लू से बंजार के लिए दौड़ीं बसें
दो दिन मौसम खुलने पर लोक निर्माण विभाग ने जिले में बहाल कीं 18 सड़कें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय से चार दिन बाद बंजार घाटी बस सेवा से जुड़ गई है। शुक्रवार से सरवरी बस अड्डा से कुल्लू-बागसराहन रूट की बस के साथ इस रूट पर चलने वाली सभी सरकारी और निजी बसों की सेवाएं बहाल हो गई हैं।
हालांकि दोपहर करीब 1:00 बजे के आसपास कुल्लू-मंडी सीमा पर स्थित झीड़ी के पास पहाड़ी से भूस्खलन होने से कुल्लू-मंडी फोरलेन घंटों तक अवरुद्ध रहा। इस कारण दोनों तरफ बसों, सेब और सब्जियों से लदी गाड़ियों के साथ कई छोटे वाहन घंटों तक फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद एनएचएआई ने मशीनरी भेजी और फोरलेन को यातायात के लिए बहाल कर लोगों को राहत प्रदान की। बंजार घाटी के भीतर के सभी बस रूट बंद हैं। अधिकांश सड़कें अवरुद्ध चल रही हैं।
जिले में शुक्रवार को भी मौसम साफ रहा। इससे लोक निर्माण विभाग को बंद सड़कों को बहाल करने में काफी मदद मिली। विभाग ने दो दिन में 18 सड़कों को बहाल कर लोगों को राहत प्रदान की है। पिछले कई दिनों से बंद शवाड़-राणाबाग-छतरी सड़क को भी बहाल कर दिया है। इससे से मंडी के छतरी क्षेत्र और रघुपुर घाटी के हजारों लोगों को सुविधा मिली है। यह सड़क बंद होने से लोगों को 10 किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ रहा था।
एचआरटीसी बंजार के अड्डा प्रभारी दीप चंद ने कहा कि चार दिन बाद कुल्लू से बंजार को बस सेवा शुरू हुई है। बंजार घाटी के भीतर के सभी बस रूट बंद हैं। अधिकांश सड़कें अवरुद्ध चल रही हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने कहा कि सड़क, बिजली-पानी को बहाल करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मौसम ने साथ दिया तो जल्द ही जनजीवन पटरी लाया जाएगा।