कुल्लू से मनाली तक युद्ध स्तर पर चल रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। आपदा के बाद क्षतिग्रस्त कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे एकतरफा यातायात के लिए बहाल हो गया है। इससे वाहनों को पास लेने में दिक्कत हो रही है। परिणामस्वरूप जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है।
यातायात का पूरा दबाव वामतट मार्ग पर आ गया है। इसको देखते हुए एनएचएआई ने नेशनल हाईवे को डबललेन करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया है। हालांकि फिलहाल तमाम कार्य अस्थायी तौर पर ही किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 25 अगस्त को ब्यास और इसके सहायक नदी-नालों में आई बाढ़ से नेशनल हाईवे को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। 21 दिन बाद सड़क तो खुल गई लेकिन याताया सिर्फ कुछ घंटे ही चल रहा है। ऐसे में एनएचएआई ने सड़क को डबललेन करने का कार्य युद्ध स्तर पर चलाया है। जेसीबी, एलएंडटी, डंपऱ, टिपर समेत 80 से अधिक वाहन और मशीनें काम में लगी हैं। रायसन, डोभी, 14 मील, बिंदु ढांक, क्लाथ, आलू ग्राउंड में लगातार कार्य चल रहा है। एनएचएआई का दावा है कि लगभग एक सप्ताह में यह मार्ग अस्थायी तौर पर डबललेन हो जाएगा। इसके बाद जाम की समस्या नहीं रहेगी। एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अशोक चौहान ने बताया कि सड़क का कार्य जारी है। फिलहाल अस्थायी तौर पर सड़क को डबललेन किया जा रहा है। डबललेन होने के बाद दोनों तरफ से वाहनों कि आवाजाही होगी और जाम नहीं लगेगा।