कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटी खराहल घाटी के बाशिदों को सड़क संकरी होने के कारण रोजाना जाम की समस्या से परेशान होना पड़ता है। शुक्रवार को कुल्लू-बिजली महादेव सड़क पर देऊधार के पास सुबह साढ़े नौ से सवा दस बजे तक जाम लगा रहा।
इस दौरान सड़क पर दोनों ओर से दर्जनों छोटे-बड़े वाहनों की कतारें लग गई। सड़क तंग होने के कारण रोजाना खराहल घाटी की आधा दर्जन ग्राम पंचायतों के हजारों बाशिंदों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लोग लंबे समय से सड़क को चौड़ा करने की मांग करते आ रहे हैं।
इसके बावजूद धार्मिक पर्यटन स्थल बिजली महादेव को जोड़ने वाली सड़क के विस्तारीकरण की योजना ठंडे बस्ते में पड़ी है। इस कारण लोगों में प्रशासन ओर लोनिवि के खिलाफ रोष है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब कुल्लू से बिजली महादेव की तरफ ट्रैक्टर और बिजली महादेव से कुल्लू लिए आ रही पिकअप गाड़ी पास देते समय आपस में टकरा गई। इस कारण सड़क पर सुबह सवा दस बजे तक जाम लगा रहा है। खराहल निवासी वेदराम, प्रेमचंद, अजय, दीनदयाल और गिरधारी लाल ने कहा कि सेब सीजन सिर पर है, लेकिन सड़क को चौड़ा करने लिए कोई योजना नहीं बनी है, जबकि हर वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवता बिजली महादेव के दर्शनों को आते हैं। स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी जाम के कारण दिक्कतें झेलनी
पड़ती हैं। इस संबंध में लोनिवि के अधिशासी अभियंता विनय हाजरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बिजली महादेव सड़क के विस्तारीकरण की योजना विभाग ने बनाई है। योजना को स्वीकृति मिलने पर सड़क को चौड़ा किया जाएगा।