लाहौल में कोकसर संपर्क मार्ग बहाल ।
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। बिजली के बाद अब कोकसर गांव के लिए सड़क भी बहाल कर दी है। पिछले महीने 1 से 3 मार्च तक भारी बर्फबारी के बाद जकशांग नाला में हिमखंड गिरने से कोकसर का संपर्क टूट गया था। इसके बाद लोग दो किलोमीटर तक बर्फ के ऊपर रास्ता बनाकर पैदल आवाजाही कर रहे थे।
लोक निर्माण विभाग ने पोकलेन मशीन के जरिये 20 से 25 फीट हिमखंड की ऊंची दीवार और 100 मीटर के करीब फैली ठोस बर्फ को पिछले दो दिनों में काटकर सड़क बहाल की। ग्रामीणों की माने तो इतने बड़े हिमखंड को काटने में एक सप्ताह से अधिक समय लग सकता था, लेकिन पोकलेन मशीन के जरिये यह काम दो दिन में हो गया।
लोगों को अब मोबाइल सिग्नल का इंतजार है। सड़क बहाल होने से 21 घरों के परिवारों ने राहत की सांस ली है। मनाली-लेह हाईवे से काेकसर गांव दो किलोमीटर दूरी पर स्थित है। सर्दियों में बर्फबारी के बाद यह गांव डिंफुक से भी कट जाता है। ग्रामीण टशी, दोरजे, रमेश, राजीव, अनूप, आशीष ने कहा कि कोकसर में मोबाइल सेवा जल्द बहाल की जाए। नेटवर्क न होने के चलते यहां रह रहे अधिकतर ग्रामीण अपने रिश्तेदारों और अपनों से बात नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने भी लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए बीएसएनएल को जल्द दूरसंचार सेवाएं बहाल करने के निर्देश दिए हैं। संवाद