सुनील कुमार प्रधान और लवलीन उपप्रधान
दोरजे अंगरूप को बनाया बीडीसी सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। एक ओर पंचायत चुनाव को लेकर शीत मरुस्थल लाहौल में माहौल गर्म है वहीं दूसरी ओर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा की गृह पंचायत कोकसर को लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुना गया है। पंचायत को निर्विरोध चुनकर ग्रामीणों ने मिसाल कायम की है। पिछली बार भी पंचायत निर्विरोध चुनी गई थी। कोकसर निवासी सुनील कुमार प्रधान बने हैं, युरामूर्ति निवासी लवलीन उपप्रधान, सरखंग गांव के दोरजे अंगरूप पंचायत समिति सदस्य बने हैं। वार्ड नंबर एक से अर्चना, वार्ड नंबर दो से सुजाता, वार्ड तीन से तंजिन, वार्ड चार से पालमो और वार्ड पांच से रंजीत सिंह निर्विरोध चुने गए हैं।
गौर रहे कि वर्ष 2021 में कोकसर पंचायत से सचिन मिरूपा को प्रधान, प्रदीप आजाद को उपप्रधान जबकि वार्ड सदस्यों को निर्विरोध चुना गया था। ग्रामीणों का यह फैसला आपसी सौहार्द, एकता और विकास को ध्यान में रखकर लिया गया है। इसके साथ ही ग्रामीणों की इस बात को लेकर भी सहमति बनी है कि भविष्य में भी पंचायत चुनाव इसी तरह आपसी सहमति से किए जाएंगे। कोकसर पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान सुनील कुमार ने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य पूरी पंचायत का समान विकास करना है। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर विकास के कार्य किए जाएंगे।