ढालपुर चौक में माल रोड होकर ट्रैफिक बंद होने से वाया अस्पताल मार्ग होकर आती बस।
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए पुलिस ने जिले में ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया गया है। प्लान को लागू कर दिया गया है। अब शहर में आने वाले या शहर से गुजरने वाले वाहन चालक पहले ट्रैफिक प्लान जरूर जान लें। अब जिले की मुख्य सड़क को ढालपुर चौक से कॉलेज गेट तक वाहनोें की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। अंतरराज्यीय बस अड्डा कुुल्लू से भुंतर-मंडी और भुंतर से कुल्लू-मनाली की ओर आने-जाने वाले वाहनों को अस्पताल सड़क से भेजा जा रहा है। कॉलेज चौक से भुट्ठी चौक तक सड़क को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। सर्कुलर सड़क पर भी वाहनों की आवाजाही वन-वे रहेगी। नियमों के उल्लंघन पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में ट्रैफिक सुचारू रूप से चले, इसके लिए पुलिस ने शहर में ट्रैफिक रूट बदला है। ढालपुर चौक से लेकर कॉलेज चौक तक मालरोड में सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्णरूप से बंद रहेगी। मनाली, नग्गर, खराहल और भुंतर की ओर आने वाले बड़े वाहन रामशिला से हाईवे से होते हुए टापू बैली ब्रिज से शहर में दाखिल होंगे। छोटे वाहन चालकों के पास टापू बैली ब्रिज के साथ भूतनाथ पुल का विकल्प भी होगा। मनाली और भुंतर की ओर से हाईवे होकर आने वाले छोटे वाहन भूतनाथ डबललेन पुल से शहर में प्रवेश कर सकते हैं।
.............
सर्कुलर सड़क पर पार्क नहीं होंगे वाहन
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के दौरान सर्कुलर सड़क में वाहनों को खड़ा होने नहीं दिया जाएगा। दशहरा के दौरान यहां से प्रतिदिन जलेब निकलती है, जबकि दशहरा के पहले दिन देवी-देवताओं का आगमन भी इस सड़क से होता है। ऐसे मेें सर्कुलर सड़क को वन-वे के साथ नो-पार्किंग जोन घोषित कर दिया गया है।
.........
यातायात प्लान में बदलाव किया गया है। यह प्लान लागू कर दिया गया है। दशहरा उत्सव में बेहतर यातायात व्यवस्था बनाकर रखी जाएगी। पुलिस जवानों को जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा सर्कुलर और अस्पताल सड़क कॉलेज चौक से भुट्ठी चौक तक नो-पार्किंग जोन रहेगी। इस बार जिला मुख्यालय में वनवे यातायात करीब एक माह तक रहने की उम्मीद है।
-डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन, एसपी कुल्लू