ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान बर्फबारी ने बढ़ाई मुसीबत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग के साथ सटे ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा पर निकलीं दो बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इनमें एक स्थानीय और दूसरी दार्जलिंग पश्चिम-बंगाल की रहने वाली थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत के कारण अत्यधिक ठंड और ऑक्सीजन की कमी बताए जा रहे हैं। परिक्रमा के दौरान बर्फ पर फिसलने और हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के कारण 15 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए हैं। इनमें कुछ बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग लाया गया। यहां से तीन कुल्लू रेफर किए गए जबकि बाकियों का यहीं पर उपचार चल रहा है।
ड्रिलबुरी पर्वत पवित्र धार्मिक स्थल है। हिंदू और बौद्ध धर्म के लोग हर साल करीब 13 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित इस पर्वत की परिक्रमा करते हैं। एक दिन की इस धार्मिक यात्रा में देर रात तीन बजे पर्वत की परिक्रमा करने के लिए यहां करीब एक हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। सुबह ही अचानक बर्फबारी होने से ऊंचाई पर ठंड बढ़ गई, जिसके कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी पेश आई।
केलांग अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ. सुषमा ने बताया कि जिन दो महिलाओं की मौत हुई है, उनकी पहचान दावा डोमा भूटिया (74) निवासी दार्जलिंग पश्चिम-बंगाल और यांगजिन (61) निवासी केलांग के रूप में हुई है। ड्रिलबुरी परिक्रमा के दौरान बर्फ पर फिसलने समेत अन्य कारणों से कई श्रद्धालु अस्पताल पहुंचे हैं। इनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिलाओं की मौत की असल वजह पता चलेगी। फिलहाल, प्रारंभिक जांच में अत्यधिक ठंड और ऑक्सीजन की कमी को मौत की वजह मानकर चल रहे हैं। पुलिस ने सुबह सूचना मिलने के बाद कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।