लाहौल के केलांग में डीएसपी केडी शर्मा ने संभाला कार्यभार।-संवाद
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में केडी शर्मा ने डीएसपी पदभार संभाला। केडी शर्मा ने कहा कि लाहौल-स्पीति भौगोलिक दृष्टि से प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है। यहां पुलिस के सामने कई चुनौतियां रहती हैं।
मनाली में तीन साल से अधिक समय तक सेवाएं देने के दौरान उन्हें लाहौल-स्पीति के बारे में भी काफी समझने का मौका मिला है। डीएसपी ने कहा कि अटल टनल बनने के बाद लाहौल-स्पीति में पर्यटन को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। पर्यटकों और आम लोगों से अपील की कि घाटी में वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
ओवरटेकिंग से भी बचें। उन्होंने कहा कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाओं का एक कारण तेज गति और ओवरटेकिंग भी है। उन्होंने नशे के धंधे पर कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए एंटी चिट्टा अभियान चलाया जा रहा है। इसको लेकर सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं। संवाद