न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी के आराध्य देवता कशु नारायण बनाउगी का मोहरा मंगलवार को विधिवत रथ में विराजमान किया गया। इससे पूर्व सोमवार को देवता का मोहरा तुंग गांव से धाउगी लाया गया, जिसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार रथ स्थापना की प्रक्रिया पूरी की गई। मंगलवार को देवता मंदिर से बाहर निकले, जिसके उपलक्ष्य में जलेब (शोभायात्रा) निकाली गई।
इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देवता के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। कुल्लू तथा मंडी सराज क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर पहुंचे। करीब दो महीने पूर्व देवता के मोहरे को परंपरा अनुसार तुंग गांव ले जाया गया था, जहां निर्धारित अवधि तक इसे रखा जाता है। इसके पश्चात सोमवार को देवता के गूर और एक बजंतरी द्वारा विशेष मार्ग से मोहरे को बनाउगी गांव लाया गया। मंगलवार को आयोजित भव्य देव समारोह में श्रद्धालुओं के लिए धाम का भी आयोजन किया गया। संवाद