कुकुमसेरी कॉलेज में एबीवीपी ने नई कार्यकारिणी का किया गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की कुकुमसेरी महाविद्यालय इकाई की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। यह गठन महाविद्यालय परिसर में हुआ, जिसमें विभाग संगठन मंत्री सचिन सपटा उपस्थित रहे। चुनाव अधिकारी नविंद्र शर्मा ने कार्तिक को इकाई अध्यक्ष और प्रवीण को इकाई मंत्री घोषित किया। विभाग संगठन मंत्री सचिन सपटा ने लाहौल जैसे जनजातीय क्षेत्र में संगठन विस्तार को प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित, सामाजिक हित और राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य करता है। सपटा ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय गौरव के संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही, विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता बताई। महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी, बस सुविधा, छात्रावास और पुस्तकालय जैसी समस्याएं हैं। नेटवर्क की समस्या भी संगठन की प्राथमिकता में शामिल होनी चाहिए।
नवनियुक्त अध्यक्ष कार्तिक ने कार्यकारिणी का विस्तार किया। इसमें लक्ष्मी देवी, सुशांत, साहिल और कृष्णा को इकाई उपाध्यक्ष बनाया गया। गरिमा, हिमानी, कार्तिक और प्रियंका को सह मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। नरेश को सोशल मीडिया संयोजक और आशा को मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया। रिशिका को राष्ट्रीय कला मंच संयोजक, संजना को एसएफडी संयोजक, कोमल को एसएफएस संयोजक तथा मानवजीत मंगल को आरटीआई संयोजक बनाया गया। संवाद