कुल्लू के शीतला मदिंर में नवरात्र अष्टमी के मौके पर कन्या पूजन करते हुए।-संवाद
कुल्लू। नवरात्र के पावन दिनों में देवी उपासना का विशेष महत्व है। इस दिन कन्या पूजन को अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना जाता है। जिला मुख्यालय कुल्लू में स्थित शीतला माता मंदिर में शनिवार को कन्या पूजन की परंपरा निभाई गई।
पूरा दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अष्टमी पर मंदिर में श्रद्धालुओं ने आराध्य माता का आशीर्वाद लिया और शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। पुजारियों का कहना है कि कन्याएं सृष्टि की सृजन शृंखला का अंकुर होती हैं। प्रकृति स्वरूपा मां शक्ति का प्रतिनिधित्व करती हैं। शास्त्रों के अनुसार, संसार संचालन में शक्ति के नौ रूप, नौ ग्रह और नौ प्रकार की भक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्रद्धा और भक्ति भाव से की गई कन्या पूजन के अनुसार विभिन्न प्रकार के फलों की प्राप्ति होती है। संवाद