कुल्लू। पार्वती घाटी के दुर्गम गांवों को जोड़ने वाली चकरिंगा सड़क जल्द ही चकाचक होगी। क्षेत्र के लोगों को सुहाना सफर मिलेगा। केंद्र सरकार ने सड़क के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना चरण-चार के तहत 13.97 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसके चलते अब सड़क की हालत सुधरने की उम्मीद जग गई है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर होने वाले कार्यों के लिए टेंडर लगा दिए हैं।
ठेकदार को वर्क आर्डर जारी कर दिया है। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सिउंड के पास से शेताजोल-लाशनी-बिरनी-चकरिंगा तक बनी यह सड़क खस्ताहाल है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में क्षेत्र के लोग वर्षों से मांग कर रहे थे कि सड़क की हालत में सुधार किया जाए। लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए लोक निमार्ण विभाग ने मार्ग पर होने वाले कार्यों को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। निर्माण कार्य शुरू करने के आदेश दे दिए हैं।
ग्रामीणों ओम प्रकाश, दिले राम, तुलसी राम, डोला राम ने कहा कि 13 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत सुधारने के लिए क्षेत्र के लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे। अब सड़क पर टारिंग, निकासी नालियां बनाने, क्रैश बैरियर स्थापित करने के साथ अन्य सुरक्षा कार्य करने के लिए बजट मिला है। कार्य शुरू होने वाला है। उनका कहना है कि इस सड़क की हालत सुधरने से चकरिंगा, बिरनी, लाशनी सहित क्षेत्र के छह से ज्यादा गांवों के लोगों को फायदा मिलेगा। साथ ही इससे अधिक दूरी पर बसे गांव के लोगों की भी सहूलियत होगी।
.......
सड़क पर होने वाले कार्य के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार को काम करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। ऐसे में इसका कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
-बीसी नेगी, अधिशासी अभियंता, कुल्लू
0000