लाहौल में चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढ़ने से जोबरंग पुल को छू रहा नदी का पानी।-संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी का जोबरंग पुल शनिवार शाम को चिनाब नदी के बढ़े जलस्तर के कारण रविवार सुबह तक बंद रहा। नदी का बहाव पुल से करीब तीन फीट तक ऊपर पहुंचने से सब्जी से लदी एक गाड़ी भी रविवार सुबह तक फंसी रही। पानी का स्तर कम होने पर आवाजाही फिर से शुरू हुई। चिनाब नदी का बहाव पुल के ऊपर से होने पर जोबरंग पंचायत के लोगों की धड़कनें बढ़ जाती हैं। इन दिनों जोबरंग पंचायत के जोबरंग, रापे और राशेल में खेत खलिहान फसलों से भरे पड़े हैं। इन फसलों को इसी पुल के माध्यम से बाहर निकालना पड़ता है।
ग्रामीणों की आवाजाही भी इसी पुल से है। पिछले चार-पांच साल से जाहलमा नाले में गर्मियों के दिनों बाढ़ आने से हालात बिगड़ जाते हैं। नाले में बाढ़ आने से गाद नदी में भर जाती है। इससे झील बन जाती है। जैसे ही नदी का जलस्तर बढ़ने लगता है तो जलस्तर जोबरंग पुल के ऊपर से गुजरने लगता है।
जोबरंग पंचायत के लोग राशेल-लिंगर वैकल्पिक सड़क तैयार होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जोबरंग पंचायत के पूर्व प्रधान सोम देव योकी ने कहा कि जब नदी का पानी पुल से गुजरने लगता है तो गाड़ियां निकालना खतरे से खाली नहीं होता। स्थानीय निवासी राजीव ने बताया कि शनिवार शाम को पुल के ऊपर से पानी का बहाव देख सब्जी से लदी एक गाड़ी नहीं निकल पाई। रविवार सुबह जैसे ही पानी का स्तर कम हुआ तो गाड़ी को निकाला गया। संवाद