कुल्लू। प्रदेश के ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने जीडीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बीएससी नर्सिंग की शैक्षणिक योग्यता प्राप्त की है और वे विदेश में नौकरी करने के इच्छुक हैं, तो उनके लिए एक बेहतरीन अवसर है। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के माध्यम से इस्राइल स्थित नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की ओर से बेस्ड केयरगिवर (घर पर देखभाल करने वाला) के पदों पर भर्ती की जा रही है।
जिला रोजगार अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 16,443.85 न्यू इस्राइल शेकेल वेतन प्राप्त होगा, जो वर्तमान विनिमय दर के अनुसार भारतीय मुद्रा में लगभग 1,99,770 रुपये के बराबर है। आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी के पास एक वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी को अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान होना चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी एक सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। संवाद