फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu News: जिस्पा-दिल्ली के बीच वोल्वो सेवा शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति जिले के जिस्पा और दिल्ली के बीच वोल्वो बस सेवा शुरू हो गई है। इस नई सुविधा से दिल्ली से सीधे लाहौल पहुंचने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब सैलानी बिना अतिरिक्त यात्रा व्यवस्था के सीधे जिस्पा तक सफर कर सकेंगे। पर्यटन कारोबारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे घाटी के पर्यटन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
विज्ञापन

अब तक पर्यटकों को बस से मनाली पहुंचने के बाद टैक्सी के जरिए लाहौल के विभिन्न पर्यटन स्थलों तक जाना पड़ता था। इससे स्थानीय होटल, होम-स्टे संचालकों और अन्य पर्यटन व्यवसायियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता था। नई वोल्वो सेवा शुरू होने से पर्यटक सीधे लाहौल पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय पर्यटन गतिविधियों और कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन कारोबारी रिगजिन, दोरजे, नोरबू, रमेश और ज्ञालसन ने कहा कि दिल्ली-जिस्पा सीधी बस सेवा शुरू होने से घाटी के पर्यटन क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी। अब पर्यटक मनाली में ठहरने के बजाय सीधे लाहौल पहुंचकर यहां के प्राकृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
विज्ञापन

उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि पहले पर्यटकों को मनाली में रुकने के बाद टैक्सी के माध्यम से लाहौल आना पड़ता था। अब वोल्वो सेवा शुरू होने से पर्यटक दिल्ली से सीधे अटल टनल, सिस्सू, गोंदला, तांदी संगम और केलांग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का आनंद लेते हुए जिस्पा तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
650 किलोमीटर का सफर, 2350 रुपये किराया
क्षेत्रीय प्रबंधक केलांग अंछित ने बताया कि जिस्पा से दिल्ली की दूरी लगभग 650 किलोमीटर है। इस वोल्वो सेवा में यात्रा करने वाले यात्रियों को 2350 रुपये किराया देना होगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा पर्यटकों के लिए आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का बेहतर विकल्प साबित होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें