कुल्लू। डीएवी पब्लिक स्कूल मौहल में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव (जन्माष्टमी) श्रद्धा के साथ मनाया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थी राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे, जिससे पूरा माहौल कृष्णमय हो गया। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों ने बाल कृष्ण और राधा की मनमोहक वेशभूषा में श्रीकृष्ण आधारित गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य आरएस राणा ने जन्माष्टमी पूजा संपन्न कर विद्यालय परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की।
इसके बाद आयोजित दही-हांडी उत्सव ने कार्यक्रम में और अधिक उत्साह भर दिया। कक्षा पहली से तीसरी तक के विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी मटकी प्रदर्शनी में भाग लिया। विद्यार्थियों की ओर से आकर्षक ढंग से सजाई गई मटकियों में उनकी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा देखने को मिली। प्रधानाचार्य आरएस राणा ने कहा कि विद्यालय में ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना है। संवाद