कुल्लू। क्रिसमस के जश्न के लिए जिले की वादियां पर्यटकों से गुलजार हो गई हैं। इसका असर जिले की सड़कों पर भी देखने को मिल रहा है। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 में बड़ानाला से जलोड़ी दर्रा तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घाटी में सैर सपाटे के लिए पहुंचे सैकड़ों पर्यटक वाहनों के साथ-साथ एचआरटीसी की पांच से छह बसें भी दो से तीन घंटे तक जाम में फंसी रही।
ऐसे में आम लोगों के साथ-साथ सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे के तंग और वनवे होने के चलते रविवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। रविवार सुबह करीब 10 बजे से ही जाम लगना शुरू हो गया था। शाम 5:00 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे कुल्लू से रामपुर, कुल्लू-बागीपुल तथा कुल्लू-दलाश जाने वाली बसों के साथ रामपुर से कुल्लू आ रहीं बसें भी यहां फंसी रहीं।
ऐसे में आम लोगों के साथ सैलानी भी परेशान हुए। बस में सफर कर रहे संतोष शर्मा, मान सिंह, संगत राम तथा लीला प्रकाश ने कहा कि वे जलोड़ी दर्रा से बड़ानाला तक जाम में फंसे रहे। क्रिसमस को लेकर बंजार के सोझा, तीर्थन और जिभी में भारी पर्यटक वाहन आने से जाम की स्थिति बनी रही। यहां पुलिस होती तो शायद उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नए वर्ष तक हाईवे 305 में जाम से बचने के लिए पुलिस की तैनाती की जाए। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने कहा कि बंजार में अतिरिक्त पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई है। जरूरत हुई तो सोझा से आगे जलोड़ी दर्रा तक भी होमगार्ड के जवानों को लगाया जाएगा। संवाद