केलांग (लाहौल-स्पीति)। तांदी-किलाड़ सड़क पर जाहलमा नाले में पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद सीमा सड़क संगठन नए पुल के निर्माण में जुट गया है। सभी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जुलाई के मध्य तक पुल निर्माण पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। नया पुल 120 फीट लंबा होगा। फिलहाल यातायात अस्थायी सड़क से संचालित किया जा रहा है, लेकिन नाले में जलस्तर बढ़ने और लगातार बारिश होने की स्थिति में आवागमन बाधित होने की आशंका बनी हुई है।
यातायात बंद होने से पट्टन घाटी के कई क्षेत्रों में नगदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। जाहलमा पंचायत प्रधान प्रेमलाल ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों ने बीआरओ से प्राथमिकता के आधार पर पुल का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की है, ताकि पट्टन घाटी की नगदी फसलों को आसानी से मंडियों तक पहुंचाया जा सके।
बीआरओ 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस कोचर ने बताया कि नए पुल का निर्माण कार्य जारी है। इसे मध्य जुलाई तक पूर्ण करने का प्रयास है। विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि वह स्वयं बीआरओ से लगातार निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ले रही हैं। उन्होंने बताया कि संगठन ने जल्द पुल तैयार करने का आश्वासन दिया है।
....
महिलाओं ने बढ़ाया हौसला
शुक्रवार को ग्रामीणों ने बीआरओ के जवानों को भोजन करवाने से पूर्व जाहलमा नाले में पूजा-अर्चना की। महिला मंडल जाहलमा ने पुल निर्माण में लगे इंजीनियरों और कामगारों को चना, पूरी और हलवा परोस कर उनका उत्साहवर्धन किया।
000