जलशक्ति विभाग के कार्यालय में कुर्सियां खाली होने का मामला
समय पर कार्यालय न आने वाले अफसरों-कर्मियों के खिलाफ की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लारजी स्थित जलशक्ति विभाग मंडल और उपमंडल कार्यालय में खाली कुर्सियों के मामले में विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। इसमें अधीक्षण अभियंता ने अधिशासी अभियंता से जवाब-तलब किया है।
दोनों कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों के समय पर कार्यालय न पहुंचने को लेकर कारण पूछा है। इसका अधिकारियों और कर्मचारियों को एक हफ्ते के भीतर जवाब देना होगा।
ऐसे में सुबह समय पर कार्यालय न पहुंचने को लेकर दोनों कार्यालय में अधीक्षक को छोड़कर तमाम कर्मचारी और अधिकारी नपते हुए नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि मंगलवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने लारजी स्थित जलशक्ति विभाग के कार्यालय में सुबह दस बजे दस्तक देकर कार्यालय में खाली कुर्सियों का वीडियो वायरल किया था। इसमें सिर्फ एक अधीक्षक ही कार्यालय में पहुंचे थे जबकि इसके अलावा तमाम अधिकारी और कर्मचारियों की कुर्सियों खाली पड़ी थीं। इस घटना को लेकर सुरेंद्र शौरी ने सरकार को आड़े हाथों लिया। लिहाजा, इस घटना को लेकर अब विभाग के उच्चाधिकारियों ने अब कार्रवाई की है। अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाबतलबी की गई है। ऐसे में अब अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जलशक्ति विभाग के कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद जिला के अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है।
जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर का कहना है कि मामले को लेकर अधिशासी अभियंता से जवाब मांगा गया है। कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस के माध्यम से जवाब मांगा जा रहा है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।