जहां एक ओर सरकारी क्षेत्र में नौकरी पाने के लिए
युवाओं में होड़ मची रहती है, वहीं निजी क्षेत्र में युवा नौकरी को कम रुचि
दिखा रहे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक निजी कंपनी
ने कुल्लू में पचास पदों को भरने के लिए सौ युवाओं को बुलाया था, लेकिन
साक्षात्कार के लिए महज पंद्रह ही युवा पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की एक कंपनी एसोसिएट्स नॉन वूवन्स वर्कस में
हेल्परों के पचास पद भरने के लिए जिला रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार
लिया गया। हेल्पर्स के पचास पदों को भरनेे के लिए रोजगार विभाग की ओर से सौ
युवाओं को बुलाया गया था।
शैक्षणिक योग्यता भी पांचवीं पास रखी गई
थी, लेकिन युवाओं ने औद्योगिक क्षेत्र में दिलचस्पी न दिखाते हुए
साक्षात्कार में जाना मुनासिब नहीं समझा। साक्षात्कार के लिए बुलाए सौ
युवाओं में से पंद्रह युवाओं ने ही हाजिरी भरी। हालांकि, कंपनी के आला
अधिकारियों ने 15 में से दस युवाओं का चयन भी कर लिया। इन युवाओं को अब
कंपनी की ओर से 5800 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार
अधिकारी हरि राम ने कहा कि साक्षात्कार के लिए सौ युवाओं को कॉल किया गया
था। कंपनी की ओर से लिए गए इंटरव्यू में दस युवाओं को सिलेक्ट किया गया है।
अब इन युवाओं को कंपनी के औद्योगिक क्षेत्र ज्वाइन करना होगा।