हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ की मांग पर हरकत में आया प्रशासन
उपयुक्त भूमि का चयन कर विस्तृत रिपोर्ट डीसी को भेजेंगे एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ की मांग पर जिला मुख्यालय में पेंशनर भवन के निर्माण के लिए प्रशासन हरकत में आ गया है।
उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने एसडीएम को पेंशनर भवन के निर्माण के लिए 10 बिस्वा भूमि आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। उपयुक्त भूमि का चयन कर नकल, जमाबंदी व मौका ततीमा तैयार कर अपनी अनुशंसा सहित विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को जल्द भेजने को कहा है। इस पत्र की एक प्रति हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है। हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर ठाकुर, महासचिव मिलाप चंद, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला विंग लीला डोगरा, संगठन सचिव मनोरमा डोगरा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भुंतर खंड इकाई महासचिव खुशाल नेगी, जिला कुल्लू पेंशन भोगी संघ के अध्यक्ष दयाल सिंह ठाकुर ने कहा कि 07 जनवरी को हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन के नेतृत्व में उपायुक्त से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से जिला मुख्यालय ढालपुर में पेंशनर भवन निर्माण के लिए 10 बिस्वा भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की कार्यवाही शुरू करने से पेंशनरों को पेंशनर भवन मिलने की आस जगी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पेंशनर भवन के निर्माण के लिए 10 बिस्वा भूमि के चयन की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए। संवाद