केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिले में पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन जिला परिषद, पंचायत समिति, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच पदों के लिए प्रत्याशियों ने उत्साह के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए। खास बात यह रही कि इस बार पंचायत चुनाव में शिक्षित युवा वर्ग बढ़-चढ़कर चुनावी मैदान में उतर रहा है।
जिला परिषद चुनाव के लिए पहले दिन पांच प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। वार्ड नंबर-4 वारपा से कांग्रेस समर्थित वीरेंद्र तथा आजाद प्रत्याशी आशीष शर्मा ने नामांकन भरा। वार्ड नंबर-5 से कांग्रेस समर्थित शशि किरण, वार्ड नंबर-6 सिस्सू से कांग्रेस समर्थित सोनम ठाकुर और वार्ड नंबर-7 कोलोग से कांग्रेस समर्थित राम सिंह ने भी नामांकन पत्र जमा किए।
इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य पद के लिए तीन, पंचायत प्रधान पद के लिए 27, उपप्रधान पद के लिए 18 तथा वार्ड पंच पद के लिए 14 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी विवेक गुलेरिया ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार और सोमवार को भी होगी। उधर, भाजपा समर्थित जिला परिषद प्रत्याशी शुक्रवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। संवाद