कुल्लू। जिले में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। प्रथम चरण में 26 मई को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए प्रचार अभियान रविवार शाम थम जाएगा। जिले की करीब 85 पंचायतों में पहले चरण में मतदान होना है। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। प्रशासन ने भी चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विकास खंड निरमंड की 11, आनी की 13, बंजार की 14, भुंतर की 18, कुल्लू की 14 और नग्गर विकास खंड की 15 पंचायतों में पहले चरण में मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ पुलिस जवानों की तैनाती पोलिंग बूथों पर सुनिश्चित की है। प्रथम चरण की पंचायतों में शनिवार को प्रत्याशियों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए जमकर प्रचार किया।
डोर-टू-डोर अभियान चलाकर प्रत्याशी मतदाताओं के घर-घर पहुंचे। वहीं विभिन्न स्थानों पर बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का दौर भी जारी रहा। प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। 26 मई को जिन पंचायतों में मतदान होगा, वहां मतगणना भी उसी दिन शाम को कर दी जाएगी। पंचायत चुनाव के नतीजों पर भाजपा और कांग्रेस की विशेष नजर रहेगी। संवाद