गुलाबा बैरियर पर रोके पर जा रहे हैं वाहन
- फोटो : अमर उजाला
कोठी के समीप गुलाबा बैरियर पर लाहौल जाने वाले यात्रियों के वाहनों को रोके जाने का विरोध दर्ज किया जा रहा है। घाटी के लोगों का कहना है कि जब मढ़ी से दो मोड़ ऊपर तक सड़क मार्ग बहाल है तो गुलाबा में वाहनों को रोका जाना जायज नहीं है। इसको लेकर हिमाचल भाजपा कार्यकारणी सदस्य जवाहर शर्मा की अगुवाई में एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त कुल्लू हंसराज चौहान से मुलाकात की। जबकि लाहौल-स्पीति के उपायुक्त विवेक भाटिया को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी गई।
जवाहर शर्मा ने बताया कि कुछ टैक्सी चालकों के साथ लाहौल जाने वाले लोगों ने उनसे शिकायत की है कि गुलाबा बैरियर पर लाहौल जाने वाले यात्रियों के वाहनों को रोका जा रहा है। जिसके कारण यात्रियों को गुलाबा से ही रोहतांग की चढ़ाई पैदल पार करना पड़ रहा है। जब बीआरओ ने मढ़ी से ऊपर दो मोड़ तक सड़क खोल दिया है। ऐसे में गुलाबा बैरियर पर टैक्सियों को रोकना जायज नहीं है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति के दोनों उपायुक्तों ने प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिया है कि इस मसले को जल्द हल कर जनता को राहत दी जाएगी। वहीं उन्होंने मंगलवार को हुई हेलीकॉप्टर उड़ान से कुछ बाहरी व्यवसायों को लाहौल भेजने का विरोध किया है।
रानिका पंचायत के पूर्व प्रधान दलीप, गौशाल के पूर्व प्रधान अजीत, बीजेपी सचिव मंडल केलांग संजीव और लाल शर्मा ने आरोप लगाया है कि हेलीकॉप्टर से दो गैर लाहौलियों को जो घाटी में अपना निजी व्यवसाय करते हैं उन्हें हेलीकॉप्टर से भेजा गया। जबकि एक यात्री को किराए पर भेजा गया है। एक तरफ कुल्लू में फंसे घाटी के लोगों को लंबे इंतजार के बाद भी हेलीकॉप्टर में सीट नहीं मिल रही है वहीं कुछ गैर लाहौली व्यवसायियों को रियायती किराये पर सीट दी जा रही है। इसकी शिकायत प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त विवेक भाटिया से की है। उपायुक्त ने इसकी जांच का भरोसा दिया है।