पोस्टर और सुलेख प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
डीएवी स्कूल मौहल में हिंदी पखवाड़े का हुआ शुभारंभ
......................
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। डीएवी मौहल में सोमवार को हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना विकसित करने के उद्देश्य से हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिंदी के महत्व को समझते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक प्रयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हिंदी के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध साहित्यिक परंपरा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में हिंदी की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
पखवाड़े के पहले दिन विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण और सुलेख प्रतियोगिता आयोजित की गई। पोस्टरों में विद्यार्थियों ने हिंदी की महत्ता और गौरव को दर्शाया, जबकि सुलेख प्रतियोगिता में सुंदर एवं स्पष्ट लेखन का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य आरएस राणा ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार, परंपराओं और भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है। संवाद