प्रदेश सरकार ने क्रस्ना कंपनी को जारी की लंबित बजट की एक किस्त
त्योहारी सीजन में वेतन मिलने से क्रस्ना कंपनी के कर्मियों को मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रही क्रस्ना कंपनी को लंबित बजट की एक किस्त जारी कर दी है। ऐसे में कंपनी के 1,400 कर्मचारियों को एक माह का वेतन भी मिल गया है।
त्योहारी सीजन में वेतन जारी होने से कर्मचारियों को कुछ हद तक राहत मिली है लेकिन अभी दो माह का वेतन शेष है। बता दें कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं दे रही क्रस्ना कंपनी को सरकार से 150 करोड़ का बजट लेना था लेकिन बजट जारी न होने के कारण कंपनी के कर्मचारियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। तीन माह से कर्मचारी बिना वेतन मरीजों की सेवा में लगे हैं।
तीन माह से बजट जारी न होने के बाद कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाएं बंद करने का निर्णय लिया था। प्रदेश के सिरमौर, सोलन और बिलासपुर में गत बुधवार को सेवाएं बंद भी रहीं। अब सरकार ने एक किस्त जारी कर दी है। कंपनी ने भी बजट मिलते ही अपने कर्मचारियों को एक माह का वेतन दे दिया है।
उधर, इस संबंध में क्रस्ना कंपनी के सहायक प्रबंधक सुदेश गौड़ ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक कंपनी स्वास्थ्य सेवाएं दे रही है। पिछले लंबे समय से सरकार ने लंबित बजट जारी नहीं किया था। इस वजह से कर्मचारियों को तीन माह का वेतन नहीं मिला था। अब सरकार ने एक किस्त जारी कर दी है। कंपनी के कर्मचारियों को दिवाली से पहले एक माह का वेतन मिला है।