नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने शहर में निकाली रैली, संरक्षण का दिया संदेश
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मनाया वन हेल्थ दिवस, किया सजग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल में वन हेल्थ दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत इसमें मुख्यातिथि रहे। उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि मानव, पशु और पर्यावरण एक-दूसरे पर निर्भर करते हैं। हम सभी को स्वयं पर्यावरण और पशुधन के स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे।
नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने क्षेत्रीय अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली निकाली। यह रैली राजकीय महाविद्यालय के मुख्य गेट, जिला पुस्तकालय, लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र, ढालपुर चौक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला न्यायालय, उपायुक्त कार्यालय होकर दोबारा अस्पताल पहुंची। इसके माध्यम से लोगों को मानव, पशु व पर्यावरण स्वास्थ्य पर जागरूक किया गया। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रणजीत ने कहा कि इस साल नौ नवंबर तक वन हेल्थ जागरूकता सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। वन हेल्थ दृष्टिकोण के अनुसार मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा है, इसलिए किसी एक पर खतरा सभी के लिए बन सकता है। इससे बचने के लिए इन तीन क्षेत्रों को जोड़ने वाले एकीकृत दृष्टिकोण को बढ़ावा देना जरूरी है।