कुल्लू। पर्यटकों में क्रिसमस और नववर्ष को लेकर भारी क्रेज है। देश के बाहरी राज्यों से पर्यटक हिमाचल के पर्यटन स्थलों में काफी अधिक संख्या में आ रहे हैं। पर्यटकों को देखते हुए एचआरटीसी ने दिल्ली से मनाली के लिए एक अतिरिक्त वोल्वो बस शुुरू कर दी है। इससे पहले निगम की ओर से पांच वोल्वो बसें चलाई जा रही थीं। जबकि एचआरटीसी ने अब छठी वोल्वो बस शुरू कर दी है। जिसका फायदा पर्यटकों को मिल रहा है।
पर्यटक वोल्वो बसों से कुल्लू-मनाली की वादियों में पहुंच रहे हैं। वहीं दिल्ली से कुल्लू-मनाली आने वाली सभी वोल्वो बसें पैक आ रही हैं। वोल्वो में टिकट के लिए मारामारी मची है। पर्यटक कुल्लू मनाली आने के लिए एडवांस में ही टिकट की बुकिंग करवा रहे हैं। दशहरा निपटने के बाद बसों में 50 से 60 फीसदी तक ही बुकिंग आ रही थी, लेकिन पिछले एक सप्ताह में एकाएक यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने का फायदा हिमाचल पथ परिवहन निगम को भी मिला है।
क्रिसमस पर नववर्ष से पहले एचआरटीसी को भी मुुनाफा हुआ है। नववर्ष पर अगर बर्फबारी होती है तो एचआरटीसी की इन वोल्वो बसों में सैलानी बर्फ देखने के लिए मनाली पहुंचेंगे। इस संबंध में हिमाचल पथ परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि वोल्वो बसें दिल्ली से मनाली के लिए पैक आ रही हैं। यात्रियों की संख्या को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम ने एक अतिरिक्त वोल्वो बस सेवा को शुरू किया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या में इजाफा भी किया जा सकता है।