कुल्लू। करीब डेढ़ साल बाद जिला मुख्यालय के साथ लगते बस्तोरी-नथान क्षेत्र के लिए एचआरटीसी बस सेवा बहाल होने जा रही है। पांच सितंबर को बस का ट्रायल सफल रहा। अब सात सितंबर से शाम 5:30 बजे से बस सेवा नियमित रूप से शुरू होगी।
18 माह से बस सेवा बंद होने के कारण बस्तोरी, नथान और आसपास के गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
भूस्खलन के कारण बंद हुई सड़क को लोक निर्माण विभाग ने काफी पहले बहाल कर दिया था, लेकिन बस सेवा शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष था। समस्या को गंभीरता से लेते हुए बस्तोरी पंचायत की प्रधान सुरेखा ठाकुर ने मामला संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया। बस संचालन को लेकर पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग से भी मुलाकात की। बस का ट्रायल सफल होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। ग्रामीण राजकुमार, अशोक कुमार, कृष्ण चंद और ओम प्रकाश ने कहा कि बस सेवा बंद होने से हर वर्ग के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने बस सेवा बहाल करवाने में सहयोग के लिए लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी के अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार जताया।
बस्तोरी पंचायत की प्रधान सुरेखा ठाकुर ने कहा कि बस संचालन के लिए पंचायत की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। वहीं, एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि बस का ट्रायल सफल रहा है। सात सितंबर से बस सेवा नियमित रूप से संचालित की जाएगी।