पतलीकूहल (कुल्लू)। क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शनिवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व पतलीकूहल सीएचसी में तैनात डॉ. राशि और उनकी टीम ने किया। इसमें अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को एचपीवी संक्रमण, उससे होने वाले संभावित स्वास्थ्य जोखिमों तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान के तहत राजकीय हाई स्कूल 15 मील, रॉकवेल स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर कटराईं और श्रीरामा पब्लिक स्कूल में विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया। इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जो कई गंभीर बीमारियों, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर जैसी समस्या से जुड़ा हो सकता है। समय पर टीकाकरण इस जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। डॉ. राशि ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन केवल एक टीका नहीं, बल्कि भविष्य की स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच है। बीएमओ नग्गर कर्ण सिंह ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की। संवाद