जिले में मनरेगा के अंतर्गत इस वित्त वर्ष में दिसंबर तक 23 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने सोमवार को देवसदन कुल्लू में जिला स्तरीय 20 सूत्रीय कार्यक्रम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में जिले में मनरेगा के तहत 11607 विकास कार्य शुरू किए गए। इनमें से 5873 विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
शेष कार्य प्रगति पर हैं। कर्ण सिंह ने बताया कि जिले में इस वर्ष 294 नए लोगों को जॉब कार्ड जारी किए गए। इससे कुल जॉब कार्ड धारकों की संख्या 89197 तक पहुंच गई है। इनके माध्यम से 29866 परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। मनरेगा में अभी तक नौ लाख 32 हजार कार्य दिवस सृजित किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिला में इस वित्त वर्ष में 39 किलोमीटर नए संपर्क मार्ग बनाने का लक्ष्य रखा गया। जिसमें से 28 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण कर दिया गया है। इंदिरा आवास योजना के तहत इस वित्त वर्ष में जिले में 161 मकान बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जनहित कार्यों एवं विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए वन अधिकार नियम लागू करने का निर्णय लिया है।
एक हेक्टेयर भूमि में 13 प्रकार के विकास कार्यों के लिए वन विभाग से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इनकी एनओसी जारी करने के लिए गांव और पंचायत स्तर की वन अधिकार कमेटियां सक्षम हैं। वन अधिकार नियम के लागू होने से ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के अंतर्गत आने वाले तीन दुर्गम गांवों शाक्टी, मरौड़ और शुगाड़ को सड़क, बिजली व अन्य आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को छह माह के भीतर इन गांवों में बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए। कर्ण सिंह ने जिला के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे आपसी सामंजस्य के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करें। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान आनी के विधायक खूब राम आनंद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा, मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, बंजार के जयबिहारी लाल, कुल्लू के उत्तम चंद शर्मा आदि मौजूद रहे।