ग्राम पंचायत कोटला के शौंहुला गांव में आग लगने से एक मकान और दो गौशालाएं जलकर राख हो गईं। यह आग शनिवार शाम के समय लगी। अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है।
लोगों के मुताबिक आग पहले घासनी से लगी और पूरे क्षेत्र में फैल गई है। देखते ही देखते आग शौंहुला गांव तक पहुंच गई है। आगजनी में शौंहुला गांव निवासी लोत राम का एक मकान व दो गौशालाएं जलकर राख हो गए हैं। बताया जा रहा है कि शौंहुला गांव के ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। शौंहुला गांव के प्रेम सिंह राणा ने बताया कि गांव में पानी कम होने के चलते भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के राख होने का अनुमान है।
उधर, प्रशासन ने इलाके के हलका पटवारी को मौके का जायजा लेने के लिए भेजा है। गौरतलब है कि गत दिनों कोटला गांव जलकर राख हो गया था। अब इसी गांव के अंतिम छोर पहाड़ी पर बसे शौंहुला गांव में एक मकान और दो गौशालएं आग की चपेट में आ गई हैं। इससे लोत राम का परिवार कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे आ गया है।