कुल्लू। प्रदेेश सरकार ने पर्यटन को गति देने के लिए पर्यटन गतिविधियों को बहाल कर दिया और सूबे की सीमाएं भी अब पूरी तरह से खोल दी हैं। बंजार की तीर्थन घाटी के साथ पार्वती व जिभी में सैलानी पहुंचने शुरू हो गए हैं।
अक्तूबर माह में पर्यटन के गति पकड़ने की संभावना है। इसके लिए सैलानियों ने ऑनलाइन बुकिंग करना भी शुरू कर दी है। बंजार की तीर्थन घाटी में सबसे अधिक करीब 20 प्रतिशत बुकिंग आ रही है। जिभी व पार्वती घाटी में दस फीसदी तक बुकिंग हो रही है। घाटी की वादियों में घूमने के लिए पर्यटकों को आना शुरू हो गया है। पर्यटन नगरी मनाली में एक अक्तूबर से होटलों को खोला जाना है। सैलानी पूछताछ कर अक्तूबर माह से बुकिंग कर रहे हैं। कारोबारियों को भी अक्तूबर से जिले मेें पर्यटन के गति पकड़ने की उम्मीद है। तीर्थन वैली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष वरुण भारती ने कहा कि जब से सरकार ने सीमाएं खोली हैं, तब से पूछताछ के साथ बुकिंग बढ़ने लगी है। पर्यटक अक्तूबर माह की बुकिंग ले रहे हैं। मणिकर्ण वैली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर तथा जिभी होटल एसोसिएशन के प्रधान ललित ने बताया कि अभी तक चार से पांच फीसदी पर्यटक पहुंच रहा है। लेकिन सितंबर के मुकाबले अक्तूबर से बुकिंग ले रहे हैं। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ने कहा कि फिलहाल पर्यटक कोरोना को लेकर होटलों में किस तरह की तैयारियां हैं, इसके बारे पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर मनाली में सरकार व प्रशासन की ओर से किसी तरह की तैयारियां नहीं की गई है। ऐसे में होटलियरों के साथ पर्यटक भी स्वास्थ्य को लेकर सहमा हुआ है। इससे मनाली में बुकिंग पांच फीसदी तक हो रही है।