तहसीलदार कुल्लू के खिलाफ कई थानों में दी शिकायत
प्रशासन ने मामले को सुलझाने का नहीं किया प्रयास : गौतम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दशहरा उत्सव के दौरान हुआ तहसीलदार विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब हिंदू रक्षा मंच भी देव आस्था को ठेस पहुंचाने पर तहसीलदार कुल्लू के खिलाफ उतर गया है।
हिंदू रक्षा मंच के प्रदेश अध्यक्ष कमल गौतम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान जिस तरह से तहसीलदार ने स्थानीय लोगों की देव आस्था को ठेस पहुंचाई। इससे अगले दिन तहसीलदार के साथ जो मारपीट हुई, वह आचरण भी सही नहीं था।
कुल्लू प्रशासन इस पूरे मामले में क्या करता रहा और क्यों प्रशासन ने इस पूरे मामले को सुलझाने का प्रयास नहीं किया। हिंदू रक्षा मंच जिला मुख्यालय ढालपुर में 10 नवंबर को प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा। इसमें जिले के सभी हिंदू संगठन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हिंदू रक्षा मंच ने अपने स्तर पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत की और इस मामले को सुलझाने का प्रयास किया लेकिन तहसीलदार का रवैया संतोषजनक नहीं था। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने जिला प्रशासन से भी बात की लेकिन वह भी कोई संतोषजनक उतर नहीं दे पाए। दशहरा उत्सव के दौरान जब तहसीलदार के साथ यह घटना पेश आई तो पुलिस प्रशासन कहां थी। अगर उस दिन पुलिस ने मामले को सुलझा लिया गया होता तो आज यह नौबत न आती। पूरे प्रदेश के कई थानों में हिंदू रक्षा मंच तहसीलदार के खिलाफ शिकायत दे रहा है। पुलिस थाना कुल्लू में एक शिकायत पत्र तहसीलदार कुल्लू के खिलाफ दिया गया है।