कुल्लू। सरकार ने 24 जून को अधिसूचना जारी कर हिमकेयर कार्ड बनाने के लिए सिर्फ चार महीनों को चयनित किया है। पात्र नागरिक मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में ही कार्ड बनवा सकेंगे, लेकिन अब इसमें पांच विशेष श्रेणियों के लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई है।
मेडिकल कॉलेजों और क्षेत्रीय अस्पतालों में शेष बचे आठ माह में 100 कार्ड बनेंगे। इसके लिए सरकार ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को अनुमति प्रदान की है।
सरकार की ओर से निर्धारित पांच श्रेणियों में बीपीएल परिवार, मनरेगा कामगार, स्ट्रीट वेंडर, अनाथालयाें पर आश्रित और जेल के कैदियों को शामिल किया गया है। यदि इन श्रेणियों में किसी ने कार्ड नहीं बनाया है तो उन्हें अब निर्धारित चार माह का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इससे पहले भी पात्र लाभार्थी अपना हिमकेयर कार्ड बना सकते हैं। इस संबंध में आयुष्मान एवं हिमकेयर योजना के जिला समन्वयक धर्मपाल राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना में बड़ी राहत दी है। अब प्रदेश के अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के प्रमुख हर साल 100 हिमकेयर कार्ड बनाने के लिए अनुमति दे सकते हैं। यह कार्ड निर्धारित चार माह के अलावा अन्य दिनों में भी बनाए जा सकेंगे।