कुल्लू। जिला कुल्लू में लगातार बारिश हो रही है। पहाड़ों की चोटियों में बर्फबारी और निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश से लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। बुधवार को औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर हुई पांच सेंमी ताजा बर्फबारी और दो पेड़ गिरने से हाईवे करीब पांच घंटे तक अवरुद्ध रहा।
हाईवे पर जलोड़ी दर्रा के पास सुबह करीब 8:00 बजे बारिश के कारण खरसू के दो पेड़ गिर गए। इससे मार्ग अवरुद्ध हो गई और दोनों तरफ वाहन फंसे रहे। दोपहर बाद बर्फबारी होने से कुछ घंटे के लिए दर्रा फिर बंद हो गया। इस वजह से कुल्लू-रामपुर-बागासराहन रूट की बस बड़ानाला से वापस कुल्लू लौट आई। वहीं, कुल्लू आ रही इसी रूट की बस भी जलोड़ी दर्रा के पास से वापस मुड़ गई।
एक सप्ताह में हाईवे-305 तीसरी बार अवरूद्घ हो गया। इसे पहले सोझा के पास भूस्खलन और दूसरी बार पेड़ गिरने से हाईवे छह से सात घंटे तक बंद हो गया था। बारिश से हुए भूस्खलन और डंगे गिरने से जिला में 10 अन्य मार्ग भी बंद रहे। हालांकि दोपहर बाद मौसम खुल गया और लोगों के साथ सैलानियों और बागवानों ने राहत की सांस ली।
एनएच-305 के अधीशाषी अभियंता केएल सुमन ने कहा कि पेड़ गिरने तथा बर्फबारी से हाईवे-305 कुछ घंटे तक बंद रहा। अब स्थिति सामान्य है और वाहनों का आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है।
बर्फबारी से बढ़ी फिसलन, तीन घंटे देरी से चलीं बसें
बर्फबारी से अटल टनल रोहतांग होकर चलने वाली बस सेवाएं भी प्रभावित रहीं। मंगलवार रात से टनल सहित चंद्राघाटी में हुई ताजा बर्फबारी से कुल्लू और लाहौल के रूटों पर बसें तीन घंटे देरी से चली। टनल के साउथ पोर्टल के साथ रोहतांग में 15 सेंमी, बारालाजा में 20, शिंकुला दर्रा में 20, कोकसर में 10, सिस्सू में पांच और धुंधी में 8 सेंमी तक बर्फ गिरने से सड़क फिसलन भरी हो गई थी। लोगों और बसों की सुरक्षा को देखते हुए निगम ने बसों को संचालन देरी से किया। हालांकि मई की बस ज्यादा देर तक सड़क पर नहीं टिक पाती है, ऐसे में एचआरटीसी निगम ने केलांग-कुल्लू, केलांग-मनाली, केलांग-दारचा व कुल्लू-केलांग-पांगी बस सेवा को शुरू किया। इससे लोगों को राहत मिली। एचआरटीसी केलांग बस अड्डा प्रभारी विजय कार्की ने कहा कि मौसम खराब होने से बसों को दो से तीन घंटा देरी से भेजा गया।
जलोड़ी दर्रा पर हुई बर्फबारी।-संवाद
जलोड़ी दर्रा पर हुई बर्फबारी।-संवाद