बदकिस्मती से हेलीकॉप्टर की पहली उड़ान खराब मौसम की भेंट चढ़ गई। सीजन की पहली उड़ान को लेकर जनजातीय आबादी बेहद उत्सुक थी, लेकिन ऐन वक्त पर खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को रोहतांग दर्रा के आसपास से वापस भुंतर एयरपोर्ट लौटना पड़ा।
बुधवार को करीब 12 बजे हेलीकॉप्टर ने यात्रियों को लेकर भुंतर एयरपोर्ट से स्तींगरी हेलीपैड के लिए सीजन की पहली उड़ान भरी, लेकिन आसमान पर घने बादल छाए होने से पायलट को हेलीकॉप्टर को सुरक्षा कारणों से रोहतांग दर्रा क्षेत्र से वापस भुंतर एयरपोर्ट उतारना पड़ा। हेलीकॉप्टर उड़ान रद्द होने की खबर मिलते ही सुबह से ही स्तींगरी हेलीपैड पर इंतजार कर रहे यात्रियों को मायूस होकर घर लौटना पड़ा।
कुल्लू में तैनात उड़ान प्रभारी योगराज धीमान ने बताया कि हालांकि हेलीकॉप्टर ने भुंतर एयरपोर्ट से लाहौल के लिए उड़ान भरी, लेकिन खराब मौसम के कारण वापस भुंतर एयरपोर्ट लौटना पड़ा। धीमान ने बताया कि मौसम साफ रहने की सूरत में संभवता रद्द तीनों उड़ानों को अब वीरवार को मेच्योर किया जाएगा।